Current Affairs : 16 Sept 2016

September 18, 2016    

1) गुट-निरपेक्ष देशों (NAM) का 17वाँ शिखर सम्मेलन सितम्बर 2016 के दौरान कहाँ आयोजित किया गया? – मार्गरीटा आइलैण्ड (वेनेजुएला)

विस्तार: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला (Venezuela) 17वें गुट-निरपेक्ष शिखर सम्मेलन (NAM Summit) का मेजबान (host) है। इस शिखर सम्मेलन का आयोजन 13 से 18 सितम्बर 2016 के मध्य वेनेजुएला के मार्गरीटा आइलैण्ड (Margarita Island) में किया जा रहा है। 1961 में संस्थापित गुट-निरपेक्ष आंदोलन (Non-Aligned Movement – NAM) का मुख्य सिद्धांत किसी देश अथवा गुट के प्रति झुकाव न रखते हुए पूरी दुनिया में एक गुट-हीन व्यवस्था को बढ़ावा देना है।

– भारत गुट निरपेक्ष संगठन का संस्थापक सदस्य है तथा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पण्डित जवाहरलाल नेहरू को इस आंदोलन के स्तंभ व सूत्रधारों में से एक माना जाता है। संगठन के प्रमुख सदस्य देश हैं भारत, मिस्र, इण्डोनेशिया, क्यूबा, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, ईरान, वेनेजुएला, जाम्बिया और जिम्बाब्वे। वर्तमान में सदस्य देशों की संख्या लगभग 120 है।

– हालांकि गुट-निरपेक्ष शिखर सम्मेलन का मेजबान देश वेनेजुएला इस समय भयंकर आर्थिक संकट तथा सिकुड़ती अर्थव्यवस्था के दौर से गुजर रहा है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के अनुसार जहाँ देश की अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर ऋणात्मक 8 प्रतिशत (-8%) है वहीं यहाँ मुद्रास्फीति की दर 482% जितनी ऊँची है।

– ऐसी रिपोर्ट सामने आई हैं कि वेनेजुएला में खाद्यान्न व खाद्य पदार्थ हासिल करने के लिए दंगे होने लगे हैं तथा पूरे देश में आपातकाल लगा दिया गया है। यहाँ तक कि इस सम्मेलन के आयोजन के लिए राष्ट्रपति निकोलस मडुरो (Nicolas Maduro) ने मार्गरीटा आईलैण्ड (Margarita Island) को प्रतिबन्धित कर दिया है।

2) गुटनिरपेक्ष आंदोलन (NAM) के 17वें शिखर सम्मेलन में भारत (India) की प्रतिभागिता से जुड़ा क्या अहम तथ्य उभर कर आया? – यह गुटनिरपेक्ष शिखर सम्मेलनों के दौर में पहला मौका जब भारत के प्रधानमंत्री ने इसमें भाग नहीं लिया है

विस्तार: उल्लेखनीय है कि वेनेजुएला (Venezuela) के मार्गरीटा आइलैण्ड (Margarita Island) में 13 से 18 सितम्बर 2016 के बीच चल रहे गुटनिरपेक्ष शिखर सम्मेलन (NAM Summit) में भारतीय प्रतिनिधिमण्डल का नेतृत्व करने के लिए उप-राष्ट्रपति हामिद अंसारी 15 सितम्बर 2016 को वेनेजुएला के लिए रवाना हो गए।

– इस प्रकार यह 1979 के बाद पहला मौका है जब भारत के प्रधानमंत्री गुटनिरपेक्ष शिखर सम्मेलन में प्रतिभागिता नहीं कर रहे हों। 1979 में भी जब चरण सिंह (Charan Singh) ने क्यूबा (Cuba) की राजधानी हवाना (Havana) में हुए शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लिया था तब वे देश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री थे।

– चूंकि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पण्डित जवाहरलाल नेहरू गुटनिरपेक्ष आंदोलन के मुख्य प्रेरणास्रोतों तथा स्तंभों में से एक थे इसलिए भारतीय प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) के इस आंदोलन के शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लेने को तमाम पक्षों द्वारा शंका से देखा जा रहा है। लेकिन दूसरी तरफ माना जा रहा है कि अमेरिका के प्रति भारत की झुकाव की कूटनीति के दौर में गुटनिरपेक्ष आंदोलन की प्रासंगिकता काफी कम हो गई है।

3) भारतीय शास्त्रीय संगीत परम्परा से जुड़ी किस महान हस्ती की जन्मशती (Birth Centenary) को 16 सितम्बर 2016 को धूमधाम से मनाया गया? – एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी (M.S. Subbulakshmi)

विस्तार: एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी (पूरा नाम मदुरै शनमुखवडिवु सुब्बुलक्ष्मी) का जन्म 16 सितम्बर 1916 को तत्कालीन मद्रास प्रांत के मदुरै (Madurai) में हुआ था। वे अपने युग की महानतम कर्नाटक शास्त्रीय संगीत व उप-शास्त्रीय गायिकाओं में से एक थीं। वे देश का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान भारत रत्न (Bharat Ratna) प्राप्त करने वाली पहली संगीतज्ञ थीं (वर्ष 1998 में)।

– उन्होंने अपने गायन का प्रदर्शन पूरे भारत के अलावा लंदन, न्यूयॉर्क, कनाडा, सुदूर पूर्व के तमाम देशों तथा अन्य तमाम नगरों में भारत की सांस्कृतिक राजदूत के रूप में किया था।

– उन्होंने अपनी युवावस्था में कुछ तमिल फिल्मों में भी काम किया था। उनके कुछ भजन अत्यंत लोकप्रिय हुए जैसे – “भज गोविन्दम”, “विष्णु सहस्त्रनाम”, “हरि तुम हरो” और “श्री वेंकटेश्वर सुप्रभातम”।

– उनका निधन 11 दिसम्बर 2004 को 88 वर्ष की आयु में चेन्नई में हुआ था।

4) एक नाटकीय घटनाक्रम में अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) में सिर्फ एक विधायक को छोड़कर मुख्यमंत्री पेमा खाण्डू (Pema Khandu) समेत कुल 44 विधायकों ने एक नए राजनीतिक दल में प्रवेश कर लिया। इसके चलते राज्य में कांग्रेस पार्टी एक बार पुन: संकट में पहुँच गई। इस नए राजनीतिक दल का नाम क्या है? – पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल प्रदेश (PPA)

विस्तार: सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी को अरुणाचल प्रदेश में एक बार पुन: बड़ा झटका लगा जब उनकी पार्टी के मुख्यमंत्री पेमा खाण्डू के साथ पार्टी के साथ 43 अन्य विधायक पीपल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल प्रदेश (People’s Party of Arunachal Pradesh – PPA) नामक राजनीतिक दल में शामिल हो गए। कांग्रेस के एकमात्र विधायक जिन्होंने पार्टी का दामन पकड़ कर रखा है, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी (Nabam Tuki) हैं।

– उल्लेखनीय है कि पेमा खाण्डू भी जुलाई 2016 के दौरान बेहद नाटकीय परिस्थितियों में राज्य के मुख्यमंत्री बने थे जब सर्वोच्च न्यायालय ने असंतुष्ट कांग्रेसी नेता कलिखो पुल (kalikho pul) की फरवरी 2016 में गठित सरकार को असंवैधानिक बताते हुए नबाम तुकी की कांग्रेस सरकार को राज्य में बहाल कर दिया था। लेकिन नबाम तुकी ने बाद में पेमा खाण्डू के स्थान पर अपना पद छोड़ दिया था।

– इस प्रकार यह साल में दूसरा मौका है जब कांग्रेस को राज्य में झटका लगा है।

5) ब्रिक्स (BRICS) देशों के पर्यावरण मंत्रियों की बैठक 16 सितम्बर 2016 को भारत के किस स्थान पर सम्पन्न हुई? – गोवा (Goa)

विस्तार: पर्यावरण से सम्बन्धित महत्वपूर्ण मसलों, विशेष रूप से वायु व जल प्रदूषण तथा जलवायु परिवर्तन पर प्राथमिकता के आधार पर गंभीर चिंतन करने के उद्देश्य से पाँच ब्रिक्स (BRICS) देशों के पर्यावरण मंत्रियों की बैठक (The meeting of the Environment Ministers of BRICS countries) 16 सितम्बर 2016 को गोवा (Goa) में आयोजित हुई।

– इस बैठक का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि ब्रिक्स देशों ने पिछले कुछ समय में कई महत्वपूर्ण पर्यावरणीय समझौते किए हैं – जैसे पेरिस में जलवायु परिवर्तन समझौता (2015 Paris Agreement on Climate Change), संयुक्त राष्ट्र (UN) के ध्वज तले अपनाए गए सतत विकास लक्ष्य (Sustainable Development Goals) तथा विकास वित्त के लिए अदिस अबाबा समझौता (Addis Ababa Action Agenda on Financing for Development)।

– गोवा में आयोजित इस बैठक पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा आयोजित की गई।

– उल्लेखनीय है कि ब्राज़ील (Brazil), रूस (Russia), भारत (India), चीन (China) और दक्षिण अफ्रीका (South Africa) की भागीदारी वाले ब्रिक्स की वैश्विक जनसंख्या में 41.6%, विश्व के कुल भू-भाग में 29.31% तथा वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (global GDP) में 22% की हिस्सेदारी है।
………………………………………………………………….

Author – Anand Upadhyay

Let's block ads! (Why?)

cgpsc news chhattisgarh.
Current Affairs : 16 Sept 2016 4.5 5 Yateendra sahu September 18, 2016 1) गुट-निरपेक्ष देशों (NAM) का 17वाँ शिखर सम्मेलन सितम्बर 2016 के दौरान कहाँ आयोजित किया गया? – मार्गरीटा आइलैण्ड (वेनेजुएला) विस्तार: ...


Load comments

No comments:

Post a Comment