राज्य शासन के उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी को मिला उत्कृष्ट प्रदर्शनी पुरस्कार
राज्य शासन के उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी को अंतर्राष्ट्रीय कृषि एवं उद्यानिकी मेला ’’एग्रीटेक इंडिया-2016’’ में उत्कृष्ट प्रदर्शनी का पुरस्कार प्राप्त हुआ है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि एग्रोटेक इंडिया 2016 का आयोजन पिछले सप्ताह कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में किया गया था। इस मेले में छत्तीसगढ़ के उद्यानिकी विभाग ने भी अपना स्टॉल लगाया था। उद्यानिकी विभाग के स्टाल पर छत्तीसगढ़ में उत्पादित सुगन्धित उत्पाद जैसे इत्र, साबुन, महिला स्व-सहायता समूह-कबीरधाम द्वारा तैयार मशरूम के उत्पादों जैसे आचार, बड़ी, फल परिरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र में तैयार जैम, सॉस, आचार एवं अन्य उत्पादों की बिक्री सह प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के उद्यानिकी विभाग को उत्कृष्टता पुरस्कार मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और कृषि मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और उद्यानिकी किसानों को बधाई दी है।
एग्रोटेक मेला में आए लोगों ने बड़ी उत्सुकता के साथ छत्तीसगढ़ के उद्यानिकी विभाग के स्टॉल का अवलोकन किया और स्टॉल में रखे फूलों, एप्पल बेर, पपीता की खेती की जानकारी ली। स्टाल पर उद्यानिकी उत्पादों की खरीदने में भी लोगों ने अच्छी रूचि दिखाई। स्टॉल में नई प्रजाति के एप्पल बेर एवं बीज प्रगुणन इकाई के चित्रों को भी देखने लोगों की भीड़ लगी रही। स्टॉल में उद्यानिकी विभाग की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने एल.ई.डी. लगाई गई थी। एग्रोटेक इंडिया के समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ के अलावा कर्नाटक, सी.एस.आई.आर., बुलेर एवं दक्षिण कोरिया के स्टॉलों को भी उत्कृष्ठ प्रदर्शनी पुरस्कार दिया गया। बागवानी विज्ञान विश्वविद्यालय, कर्नाटक के कुलपति डॉ डी.एल. महेश्वर एवं संचालक, इंस्टीटयूट ऑफ पेस्टिसाईडस फार्मेशन टेक्नोलॉजीए डॉ. एस. के. रजा ने पुरस्कार वितरण किया।
Source :- DPRCG
cgpsc news chhattisgarh.
No comments:
Post a Comment